Mandi, 6 July
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि मंडी जिला में आई भीषण आपदा के मद्देनज़र केंद्र सरकार से जल्द ही विशेष सहायता मिलेगी। हालांकि उन्होंने प्रदेश सरकार से अपील की कि वह राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाए और प्राथमिकता के साथ काम करे।
थुनाग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने बताया कि वे लगातार प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और केंद्रीय मंत्रियों के संपर्क में हैं और सभी ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है. जयराम ठाकुर ने कहा कि अब जब मौसम भी साफ होने लगा है, तो ऐसे में सरकार को राहत कार्यों को गति देनी चाहिए, ताकि दूर-दराज़ के क्षेत्रों में फंसे लोगों तक समय पर मदद पहुंच सके।उन्होंने बताया कि थुनाग से लंबाथाच तक सड़क संपर्क बहाल हो चुका है, लेकिन इससे आगे सड़क बहाली में अभी समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि सड़कें खुलने के बाद अन्य राहत उपायों को लागू करने में भी आसानी हो रही है। मोबाइल कनेक्टिविटी भी अब अधिकतर क्षेत्रों में बहाल कर दी गई है।
जयराम ठाकुर ने यह भी बताया कि सराज, नाचन और करसोग में अब तक 11 शव बरामद हो चुके हैं, जबकि 45 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। उन्होंने अनुमान जताया कि यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
सांसद निधि से होगा राहत कार्यों में सहयोग
जयराम ठाकुर ने सांसद कंगना रनौत के दौरे को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कंगना एक जनप्रतिनिधि होने के नाते यहां आईं और लोगों का दुख-दर्द साझा किया। भले ही सांसद सीधे घोषणाएं नहीं कर सकते, लेकिन उन्होंने सांसद निधि से राहत कार्यों के लिए मदद का भरोसा दिया है।उन्होंने बताया कि सांसद निधि से मिलने वाली धनराशि को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में खर्च किया जाएगा, ताकि अधिकतम लोगों तक सहायता पहुंच सके।
थुनाग में लगाया कैंप ऑफिस
बतौर विधायक, जयराम ठाकुर ने जानकारी दी कि उन्होंने राहत कार्यों की निगरानी के लिए अपना कैंप ऑफिस थुनाग में ही स्थापित कर दिया है और वहीं से राहत व पुनर्वास से जुड़ी सभी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।उन्होंने कहा कियह समय राजनीति का नहीं, मानवता और संवेदनशीलता के साथ काम करने का है। हम सबको मिलकर इस आपदा से प्रभावित लोगों को फिर से बसाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।”