Summer express, अंबाला | स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) अंबाला यूनिट ने कुख्यात गैंगस्टर सचिन की पत्नी ममता रानी को गिरफ्तार किया है। ममता रानी पर आरोप है कि वह अपने पति द्वारा रूस से संचालित किए जा रहे आपराधिक नेटवर्क को भारत में वित्तीय और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध करा रही थी।
डीएसपी अमन के अनुसार, एसटीएफ अंबाला ने 15 मार्च को यमुनानगर के थाना छप्पर में संगठित अपराध (धारा 111) और आर्म्स अमेंडमेंट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। यह कार्रवाई गैंग की गतिविधियों को लेकर की गई शुरुआती जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई।
जांच के दौरान पहले भी एसटीएफ ने गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए थे। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि यह गिरोह यमुनानगर के एक कार सेल-पर्चेज व्यवसायी की हत्या की साजिश रच रहा था। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए जांच टीम ममता रानी तक पहुंची, जो करनाल के गांव धनौरा की रहने वाली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंगस्टर सचिन लंबे समय से रूस में छिपा हुआ है और वहीं से भारत में अपने शूटरों और सहयोगियों को निर्देश देता है। गैंग से होने वाली रंगदारी और अन्य अवैध कमाई का पूरा प्रबंधन ममता रानी भारत में रहकर संभाल रही थी।
एफआईआर दर्ज होने के बाद ममता रानी के विदेश भागने की कोशिश की भी जानकारी सामने आई है, लेकिन एसटीएफ ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर उसे दबोच लिया।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और गैंग के अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी पड़ताल जारी है।