कुरुक्षेत्र |उपमंडल पिहोवा के सदर थाना परिसर के बाहर एक सब-इंस्पेक्टर के साथ हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को पुलिस अधिकारी के साथ झड़प करते हुए साफ देखा जा सकता है। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पति-पत्नी के विवाद पर थाने पहुंचे थे दोनों
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव असमानपुर निवासी संजय कुमार और उसकी पत्नी गीता के बीच पारिवारिक विवाद हुआ था। गीता ने 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी, जिसके बाद दोनों को पिहोवा सदर थाने लाया गया। आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी शराब के नशे में था, जिसने संजय कुमार के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की।
संजय कुमार का कहना है कि उसकी पत्नी की शिकायत पर रात में पुलिस उन्हें थाने लेकर आई थी, जहां एक नशे में धुत सब-इंस्पेक्टर ने बिना वजह मारपीट शुरू कर दी। वहीं गीता ने बताया कि पुलिस ने सुबह तक मामले को सुलझाने की बात कही थी, लेकिन जैसे ही वे थाने से बाहर निकले, एक पुलिसकर्मी ने उनके पति पर हमला कर दिया।
डीएसपी का बयान
घटना को लेकर डीएसपी निर्मल सिंह ने कहा कि उन्हें रात में इस मामले की सूचना मिली थी। शिकायत मिलने पर दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।