Summer express/शिमला, संजू- -:हिमाचल प्रदेश में बिजली मित्र भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि बड़ी संख्या में पदों पर भर्ती होने के बावजूद इसकी जानकारी अधिकांश बेरोजगार युवाओं तक नहीं पहुंच पाई। उनका कहना है कि पर्याप्त प्रचार-प्रसार और आधिकारिक अधिसूचना के अभाव में कई योग्य उम्मीदवार आवेदन करने से वंचित रह गए।
राजधानी शिमला पहुंचे युवाओं ने बताया कि हाल ही में चौपाल, जुब्बल, रोहड़ू और कोटखाई क्षेत्रों में बिजली मित्र के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई, लेकिन इसकी सूचना व्यापक स्तर पर जारी नहीं की गई।अभ्यर्थियों के अनुसार उन्हें भर्ती की जानकारी बाद में मिली, जब चयन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी।युवाओं का कहना है कि उन्होंने सरकारी आईटीआई से तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बाद बिजली बोर्ड के साथ प्रशिक्षण भी पूरा किया है। इसके बावजूद भर्ती की जानकारी समय पर न मिलने से उन्हें अवसर नहीं मिल पाया। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने संबंधित एजेंसी और अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि भर्ती प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है।युवाओं ने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले कई उम्मीदवारों तक अखबारों के माध्यम से सूचना नहीं पहुंचती। ऐसे में विभाग को वेबसाइट, सोशल मीडिया और आधिकारिक अधिसूचना के जरिए भर्ती की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए थी। उनका कहना है कि सीमित आयु सीमा के कारण यदि इस प्रकार बिना पर्याप्त सूचना के भर्तियां होती रहीं तो कई प्रशिक्षित युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है।अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार से मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाए और जिन युवाओं को आवेदन का अवसर नहीं मिल सका, उन्हें दोबारा मौका दिया जाए ताकि सभी पात्र उम्मीदवारों को समान अवसर मिल सके।