कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा : टोका मशीन में फंसी चुन्नी, महिला की मौके पर मौत

Karuna
2 Min Read

Summer express , कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र के बाबैन थाना क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। पशुओं के लिए चारा काट रही एक महिला की टोका मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी जान चली गई।

मृतका की पहचान पिंकी पत्नी बलविंदर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पिंकी रोजाना की तरह घर में लगी टोका मशीन से मवेशियों के लिए चारा काट रही थी। इसी दौरान गले में डाली हुई उसकी चुन्नी अचानक मशीन के पट्टे में फंस गई। चुन्नी तेजी से मशीन में लिपटती चली गई, जिससे उसका गला बुरी तरह कस गया और वह मशीन में फंस गई।

घटना के समय गांव निवासी जगदीश वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने शोर सुनते ही तुरंत अपनी पत्नी और बेटे की मदद से महिला को मशीन से बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पिंकी को मशीन से बाहर निकाला गया और तुरंत डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने मौके पर ही महिला को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद बाबैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *