फरीदाबाद। फरीदाबाद में पुलिस की सख्त चेतावनियों के बावजूद सड़कों पर खतरनाक स्टंटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर 88-89 की डिवाइडिंग रोड पर युवकों ने चलती कारों से जानलेवा स्टंट करते हुए जमकर हुड़दंग मचाया। कारों की छतों पर चढ़कर और खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट करने का यह नजारा राहगीरों के लिए खतरे का सबब बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सात से आठ कारों का एक काफिला तेज रफ्तार में सड़क से गुजर रहा था। इन कारों में सवार युवक कभी छत पर खड़े हो जाते तो कभी खिड़कियों से बाहर निकलकर शोरगुल करते दिखे। स्टंटबाजी के दौरान न तो ट्रैफिक नियमों का पालन किया गया और न ही आसपास से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा का ख्याल रखा गया। इस लापरवाही से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की घटनाएं सामने आई हों। इससे पहले भी सेक्टर-12 रोड पर स्कूली छात्रों द्वारा कार से स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। इसके बावजूद युवाओं में कानून का डर नजर नहीं आ रहा।
मामले को लेकर पुलिस ने संज्ञान लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि स्टंट करने वाली कारों के नंबरों की पहचान की जा रही है। वीडियो फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भारी चालान काटने के साथ-साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
पुलिस ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि इस तरह की स्टंटबाजी से बचें। सड़क पर इस तरह का हुड़दंग न सिर्फ स्टंट करने वालों की जान के लिए खतरा है, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है।