Summer express/बिलासपुर,सुभाष -:जूखाला स्थित राजकीय महाविद्यालय में बंद की गई कक्षाओं को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को उग्र हो गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कॉलेज में पूर्व में संचालित कक्षाओं को तत्काल बहाल करने की मांग की।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कक्षाओं के बंद होने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि अगले कुछ दिनों में उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
आंदोलन के दौरान गसोड़ क्षेत्र के पास शिमला-जूखाला राष्ट्रीय राजमार्ग करीब दो घंटे तक अवरुद्ध रहा। सड़क बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, जबकि कई जरूरी काम से जा रहे लोग भी प्रभावित हुए।यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया और प्रदर्शनकारियों से बातचीत का प्रयास किया गया।स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए बंद की गई कक्षाओं को शीघ्र पुनः शुरू किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से चल सके।