Summer express,नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा, उनके परिवार के सदस्यों तथा उनसे जुड़ी एक रीयल एस्टेट कंपनी की करीब 55.57 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कुर्क कर ली हैं।
ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई कथित 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत की गई है। जांच एजेंसी ने 9 मई को 62 वर्षीय संजीव अरोड़ा को इस मामले में गिरफ्तार किया था। इससे पहले ईडी ने उनसे जुड़ी विभिन्न संस्थाओं और परिसरों पर छापेमारी भी की थी।
जांच एजेंसी द्वारा जारी बयान में बताया गया कि पीएमएलए के तहत जारी अंतरिम कुर्की आदेश के तहत पंजाब के लुधियाना, हरियाणा के गुरुग्राम और चंडीगढ़ में स्थित बैंक खाते, सावधि जमा (एफडी), भूमि, व्यावसायिक संपत्तियां और आवासीय अपार्टमेंट को अटैच किया गया है।
फिलहाल संजीव अरोड़ा हरियाणा की एक जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वित्तीय लेनदेन के विभिन्न पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।