Summer express, सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में देर रात एक सड़क हादसे में डायल-112 की पुलिस गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसा नाथूसरी चोपटा थाना क्षेत्र के गांव नहराणा के पास उस समय हुआ, जब पुलिस टीम गश्त पर निकली हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे नाथूसरी चोपटा से डायल-112 की टीम गांव नहराणा की ओर गश्त के लिए जा रही थी। इसी दौरान चोपटा-भट्टू रोड पर नहराणा गांव के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डायल-112 का वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में वाहन चालक विजय कुमार, एएसआई विजय कुमार और एसपीओ सुनील कुमार घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल नाथूसरी चोपटा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरसा रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि चालक विजय कुमार को नागरिक अस्पताल सिरसा में भर्ती कराया गया है, जबकि एएसआई विजय कुमार और एसपीओ सुनील कुमार का उपचार सिरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।