Summer express, अंबाला । हरियाणा के अंबाला के निकट स्थित धन्यौड़ा गांव में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां खेलते समय चार वर्षीय मासूम बच्चा 220 फुट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने तत्काल बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार वर्षीय निर्भय मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेतों में गया था। वह अपने चाचा हरनेक सिंह के खेत में खेल रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खुले पड़े गहरे बोरवेल में जा गिरा।
घटना के समय परिजन पास ही मौजूद थे। बच्चे के बोरवेल में गिरते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने तुरंत गांव के सरपंच को सूचना दी, जिसके बाद जिला प्रशासन और राहत-बचाव टीमों को मौके पर बुलाया गया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और भारतीय सेना की मदद ली गई। उपायुक्त स्वयं मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
बोरवेल के भीतर फंसे बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। वहीं, चिकित्सकों की एक विशेष टीम एम्बुलेंस सहित घटनास्थल पर तैनात है। बच्चे की स्थिति पर नजर रखने के लिए बोरवेल में कैमरा भी उतारा गया है। सेना और प्रशासन की संयुक्त टीम युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही है और पूरे क्षेत्र की निगाहें मासूम के सुरक्षित बाहर निकलने पर टिकी हुई हैं।