Summer express, कैथल | हरियाणा के कैथल जिले के पूंडरी क्षेत्र में ज्वेलर से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह फर्जी निकला है। मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता ज्वेलर को ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने पुलिस सुरक्षा हासिल करने के लिए खुद ही विदेशी नंबर से धमकी भरी कॉल करवाई थी।
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि फतेहपुर पूंडरी निवासी रवि वर्मा ने +पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर दावा किया था कि उसकी “लवली ज्वेलर्स” नाम से दुकान है और उसे विदेशी व्हाट्सएप नंबर से जान से मारने की धमकी दी गई थी। शिकायत में कहा गया था कि कॉल करने वाले ने उससे दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता के बयान और तकनीकी साक्ष्यों में कई विसंगतियां मिलीं, जिसके बाद मामले की गहन पड़ताल शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने राजौंद क्षेत्र से सिरसल निवासी देवेंद्र को अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना राजौंद में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय से तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि देवेंद्र के खिलाफ पहले से हत्या, लूट और शस्त्र अधिनियम सहित 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में देवेंद्र ने खुलासा किया कि उसने विदेशी व्हाट्सएप नंबर से रंगदारी की कॉल रवि वर्मा के कहने पर की थी। इसके बदले रवि ने उसे पैसे भी दिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और देवेंद्र का परिवार रवि की दुकान से आभूषण खरीदता था। इसी भरोसे के चलते रवि ने उससे फर्जी धमकी दिलवाई।
पुलिस के अनुसार, रवि वर्मा ने पुलिस सुरक्षा प्राप्त करने और प्रशासन को गुमराह करने के उद्देश्य से पूरी साजिश रची थी। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता रवि को भी गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।