Summer express, पंचकूला, 02 जुलाई। हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PST) के दौरान गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई। दौड़ के दौरान एक अभ्यर्थी अचानक ट्रैक पर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के सैदापुर गांव निवासी 27 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कपिल ने दौड़ का पहला राउंड सफलतापूर्वक पूरा कर लिया था, लेकिन दूसरे राउंड के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह ट्रैक पर बेसुध होकर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद भर्ती स्थल पर मौजूद अधिकारियों और मेडिकल टीम ने उसे सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। हादसे के बाद भर्ती केंद्र पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि कपिल अपने पीछे तीन साल की बेटी, गर्भवती पत्नी और परिवार को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह स्वास्थ्य संबंधी समस्या मानी जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।