Summer express, महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में चरखारी से भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत देर रात एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। हालांकि उनके काफिले में शामिल पुलिस स्कॉर्ट वाहन तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे दो पुलिसकर्मियों समेत तीन लोग घायल हो गए। विधायक ने घटना को संदिग्ध बताते हुए इसे अपनी हत्या की नाकाम कोशिश करार दिया है।
पुलिस उपाधीक्षक दीपक दुबे के अनुसार, हादसा देर रात खरेला कस्बे के पास उस समय हुआ, जब विधायक ब्रजभूषण राजपूत हमीरपुर जिले के मुस्करा क्षेत्र में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के लिए विधायक की गाड़ी के चालक ने वाहन को सड़क से नीचे खेत की ओर मोड़ दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि विधायक की गाड़ी के पीछे चल रही पुलिस स्कॉर्ट कार ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में स्कॉर्ट वाहन में सवार गनर श्याम सिंह, निजी सुरक्षा कर्मी किशन पाल और चालक जितेंद्र घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए चरखारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने हादसे को साधारण दुर्घटना मानने से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया कि यह उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश हो सकती है। विधायक का कहना है कि वह करीब दो महीने पहले भी अपनी जान को खतरा होने की आशंका जता चुके हैं। इस संबंध में उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर सुरक्षा को लेकर चिंता भी जाहिर की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।