Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को शांतिपूर्ण और नकल रहित ढंग से संपन्न कराने के लिए अंबाला जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। शनिवार को आयोजित पीजीटी लेवल-3 परीक्षा के लिए जिले में बनाए गए छह परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े प्रबंध किए हैं।
परीक्षा दोपहर तीन बजे शुरू हुई, जिसके लिए हरियाणा ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अंबाला पहुंचे। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा रोडवेज ने विशेष बस सेवाएं शुरू की हैं। अंबाला छावनी बस अड्डे पर हेल्प डेस्क भी बनाया गया है और अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
हरियाणा रोडवेज अंबाला डिपो के निरीक्षक बहादुर सिंह ने बताया कि नारायणगढ़, मुलाना, अंबाला शहर, अंबाला छावनी, यमुनानगर और कालका से परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों को पहुंचाने के लिए स्पेशल बसों का संचालन किया गया। उन्होंने बताया कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा दी गई है। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य तक मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
परीक्षार्थियों ने जिला प्रशासन और रोडवेज की व्यवस्थाओं की सराहना की। उत्तर प्रदेश से आए कई अभ्यर्थियों ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
वहीं परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। अंबाला कैंट सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सैनी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और अंदर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों की छतों पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की नकल या अव्यवस्था को रोका जा सके।
फारुख खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल के.पी. सिंह ने बताया कि उनके स्कूल में परीक्षा केंद्र नंबर-2 और 3 बनाए गए हैं, जहां शाम की परीक्षा में करीब 645 परीक्षार्थी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार परीक्षा को पूरी तरह नकलमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।