Summer express, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में एक 25 वर्षीय विवाहिता के पश्चिमी यमुना नहर में कूदने की आशंका के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं। युवती की स्कूटी और मोबाइल फोन नहर किनारे लावारिस हालत में मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया है। परिजनों ने पति पर धोखाधड़ी, मानसिक प्रताड़ना और बिना तलाक दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है।
लापता युवती की पहचान प्रिया नरवाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रिया ने करीब तीन वर्ष पहले शेखपुरा गांव निवासी हरमिंद्र सिंह से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती समय तक दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। पारिवारिक कलह के चलते प्रिया पिछले करीब दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी और दोनों के बीच चल रहा विवाद अदालत में विचाराधीन था।
परिजनों का आरोप है कि प्रिया अदालत में अपने मामले की सुनवाई के लिए पहुंची थी। वहां उसने अपने पति को एक अन्य महिला और एक छोटी बच्ची के साथ देखा। परिवार का दावा है कि हरमिंद्र ने प्रिया को कानूनी रूप से तलाक दिए बिना दूसरी शादी कर ली थी और उससे एक बेटी भी है। इस घटना के बाद प्रिया गहरे मानसिक तनाव में चली गई।
परिजनों के मुताबिक, मानसिक आघात का असर उसकी सेहत पर भी पड़ा। कोर्ट से लौटने के अगले दिन उसे चेहरे पर लकवे (फेशियल पैरालिसिस) का अटैक आया। इसके बाद वह लगातार तनाव में रहने लगी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं करती थी।
बताया गया कि शाम करीब साढ़े सात बजे प्रिया स्कूटी लेकर घर से निकली। रास्ते में उसने अपने छोटे भाई को फोन कर बताया कि उसकी स्कूटी घोघड़ीपुर के पास पश्चिमी यमुना नहर के किनारे खड़ी मिलेगी और वह अब जीना नहीं चाहती। परिजनों के अनुसार, उसने नहर में कूदने की बात भी कही। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
परिवार ने उसी रात नहर किनारे उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान घोघड़ीपुर के पास नहर किनारे झाड़ियों में उसकी स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
रामनगर थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि पहले युवती की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी। स्कूटी और मोबाइल मिलने के बाद नहर में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। गोताखोरों की टीम लगातार तलाश कर रही है। पुलिस मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से कर रही है, जिसमें पारिवारिक विवाद, पति पर दूसरी शादी के आरोप और कथित मानसिक प्रताड़ना भी शामिल हैं। फिलहाल युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।