Summer express/शिमला, संजू -: मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के संगठन विस्तार अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है और विभिन्न क्षेत्रों से लोग पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर के बाद अब अन्य विधानसभा क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में करीब 50 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा की नीतियों और वादों से जनता का विश्वास लगातार कम हुआ है। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार ने युवाओं को रोजगार देने, महंगाई पर नियंत्रण और विदेशों से काला धन वापस लाने जैसे कई प्रमुख वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जनता अब इन मुद्दों पर जवाब मांग रही है और इसी कारण कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है और सत्ता के लिए विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिशें की जा रही हैं। चौहान ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।राम मंदिर चढ़ावा मामले का उल्लेख करते हुए नरेश चौहान ने कहा कि मंदिर में हुई चोरी और दान राशि की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में अब तक किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए किसी सिटिंग जज की निगरानी में जांच कराने की मांग दोहराई।