Summer express, अंबाला , अंकुर कपूर | शिरोमणि अकाली दल (हरियाणा) ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ अंबाला पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर FIR दर्ज करने की मांग की। पार्टी का आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित वीडियो में सिख गुरुओं का अपमान किया गया है, जिससे देश-विदेश में सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। पुलिस अधीक्षक ने शिकायत की गहन जांच कराने का आश्वासन दिया है।
शिरोमणि अकाली दल (हरियाणा) के प्रदेश अध्यक्ष हरकेश सिंह मोहड़ी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत को ज्ञापन सौंपा। शिकायत में कहा गया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हो रहा है, जिसमें सिख गुरुओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मामले में भारतीय कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत निष्पक्ष जांच कर FIR दर्ज की जाए।
हरकेश सिंह मोहड़ी ने कहा कि वायरल वीडियो को लेकर अलग-अलग पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस मामले की जांच अकाल तख्त की ओर से भी कराई गई, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। उन्होंने कहा कि यदि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, शिरोमणि अकाली दल अंबाला के जिला प्रधान नवजीत सिंह कोहली ने कहा कि नैतिकता के आधार पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
इस मामले पर पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान से संबंधित वायरल वीडियो के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत की गहराई से जांच की जाएगी और यदि जांच में आरोपों में सत्यता पाई जाती है तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।