Summer express, अंबाला। जिले के केसरी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को गैस रिसाव के कारण एक घर की रसोई में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में रसोई की पक्की दीवार भरभराकर गिर गई और घर में मौजूद एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन केसरी निवासी दीपक कुमार दोपहर के समय खाना खाने के लिए घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि बंद रसोई में पहले से गैस का रिसाव हो रहा था, जिससे कमरे के भीतर गैस भर गई थी। जैसे ही दीपक ने खाना गर्म करने के लिए आग जलाई, गैस ने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही क्षणों में सिलेंडर का पाइप तेज धमाके के साथ फट गया।
धमाका इतना जबरदस्त था कि रसोई की पक्की दीवार ढह गई। दरवाजे और दीवार के मलबे के टुकड़े दूर-दूर तक जा गिरे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे व धुएं के बीच फंसे दीपक को बाहर निकालकर तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दीपक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के समय घर में दीपक और उनके पिता पवन सिंह ही मौजूद थे, जबकि उनकी मां दवाई लेने के लिए घर से बाहर गई हुई थीं।
घायल के पिता पवन सिंह ने बताया कि अचानक हुए धमाके से पूरा घर हिल गया और कुछ ही पलों में रसोई की दीवार गिर गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मदद पहुंचाई, जिससे घायल को समय रहते अस्पताल ले जाया जा सका।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है। वहीं, अधिकारियों ने लोगों से गैस सिलेंडर और पाइप की नियमित जांच कराने तथा गैस की गंध आने पर किसी भी प्रकार की आग या बिजली के उपकरण का इस्तेमाल न करने की अपील की है