Summer express, गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की जान चली गई, जबकि एक अन्य कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। फर्रुखनगर क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) एक पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और हेड कॉन्स्टेबल अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन चला रहे कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे ईआरवी-254 हरिनगर डूमा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान फर्रुखनगर कंट्रोल रूम से इलाके में झगड़े की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। ईआरवी को कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र चला रहे थे, जबकि हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और अनिल भी वाहन में सवार थे।
रास्ते में खेड़ा खुर्मुपुर स्थित सवेरा कॉलेज के पास पुलिस वाहन आगे चल रहे पानी के टैंकर से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईआरवी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और तीनों पुलिसकर्मी वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गए।
धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को काटकर पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और अनिल की मौत हो चुकी थी। घायल कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने दोनों मृतक पुलिसकर्मियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी के दौरान दो पुलिसकर्मियों की असमय मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। अधिकारी दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।