Summer express, चंडीगढ़। हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी में भारत निर्वाचन आयोग ने बदलाव किया है। आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) हरियाणा को नए शेड्यूल के अनुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, अब मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। वहीं, सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी।
आयोग ने निर्देश दिए हैं कि संशोधित कार्यक्रम की जानकारी राज्य के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाई जाए। साथ ही विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए नए कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाताओं को समय पर इसकी जानकारी मिल सके।
इसके अलावा निर्वाचन आयोग ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी संशोधित कार्यक्रम की लिखित सूचना देने के निर्देश दिए हैं, जिससे वे भी मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में निर्धारित समय-सीमा के अनुसार अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
निर्वाचन आयोग का उद्देश्य संशोधित कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।