मुकेरियां। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार की राजनीति का केंद्र केवल पंजाब का विकास और लोगों का जीवन स्तर बेहतर बनाना है। होशियारपुर जिले के मुकेरियां में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि राज्य शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और मुफ्त बिजली जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और पारदर्शी प्रशासन देना है, न कि केवल चुनावी राजनीति करना। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार निवेश किया जा रहा है। उन्होंने आम आदमी क्लीनिकों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं और दवाएं मिल रही हैं। साथ ही सरकार की मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने राहत मिल रही है। उनके अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य आम परिवारों का आर्थिक बोझ कम करना है।
सीएम ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने लंबे समय तक विकास की बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी। उन्होंने लोगों से विकास की राजनीति का समर्थन जारी रखने की अपील है।