Summer express/शिमला,संजू -:नगर निगम शिमला की वित्त एवं अनुबंध समिति (FCPC) की बैठक में शहर के विकास, राजस्व बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में वीर सैनिकों की स्मृति में ‘स्मृति वाटिका’ बनाने, नए पेट्रोल पंप की स्थापना, निगम की दुकानों के लिए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) नीति तैयार करने और विभिन्न विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि FCPC बैठक में हिमाचल के वीर सपूतों की स्मृति में पार्क कैफे के समीप ‘स्मृति वाटिका’ (वीरभूमि वाटिका) स्थापित करने के प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए भेजा गया है। इसके अलावा इंडियन ऑयल के सहयोग से नगर निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नया पेट्रोल पंप स्थापित किया जाएगा, जिससे निगम को हर वर्ष करीब 18 लाख रुपये की लीज आय प्राप्त होगी।बैठक में निगम की 1200 से 1300 दुकानों के लिए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) नीति तैयार करने हेतु तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो अन्य राज्यों की नीतियों का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। वहीं एलईडी स्क्रीन संचालकों के अनुबंध में 10 प्रतिशत किराया वृद्धि के साथ अवधि बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया।महापौर ने बताया कि KNH के समीप नगर निगम के नए गेस्ट हाउस और एमसी क्लब का नक्शा स्वीकृत हो चुका है। टिंबर हाउस के पास सूद सभा के सहयोग से सराय का निर्माण किया जाएगा, जबकि छोटा शिमला पार्किंग परियोजना के लिए बाधा बन रहे ट्रांसफॉर्मर को संबंधित दुकानदार की सहमति से स्थानांतरित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि संपत्ति कर व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए यूनिट एरिया मेथड के आधार पर नया सर्वे कराया जाएगा और नया ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया जा रहा है। कमर्शियल टैक्स की ऑनलाइन सुविधा शुरू हो चुकी है, जबकि जल्द ही घरेलू संपत्तियों को भी इससे जोड़ा जाएगा।
महापौर ने कहा कि शहर के विकास, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और ‘वेस्ट टू बेस्ट’ जैसी परियोजनाओं के माध्यम से शिमला को नई पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्ट्रीट वेंडरों का पुनर्वास हाईकोर्ट के निर्देशों और टाउन वेंडिंग कमेटी के नियमों के तहत ही किया जाएगा तथा केवल वैध वेंडरों को निर्धारित वेंडिंग जोन में स्थान मिलेगा।