ग्रामीणों ने डीसी मंडी से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी
मंडी/धर्मवीर-: कीतरपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी जिला के कनैड़ में ग्रामीणों के लिए किसी भी प्रकार के अंडरपास या ओवरहैड ब्रिज की सुविधा नहीं है। इस कारण ग्रामीणों को यहां फोरलेन क्रॉसिंग में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अपनी इसी समस्या को लेकर आज ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल डीसी मंडी अपूर्व देवगन से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर 45 दिनों के भीतर अंडरपास बनाने की मांग उठाई।
ग्राम पंचायत कनैड की प्रधान दीक्षा चौधरी, जिला परिषद सदस्य किरणा कुमारी और व्यापार मंडल कनैड के सचिव विजय ठाकुर ने कहा कि कनैड गांव में फोरलेन के दोनों तरफ लोगों की जमीनें, मकान, स्कूल और अन्य सरकारी कार्यालय व संस्थान हैं जहां लोग अपनी रोजमर्रा के कार्यों को लेकर आते-जाते रहते हैं। जब भी लोगों को फोरलेन पर क्रॉसिंग करनी होती है तो उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। खासकर स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। फोरलेन के एक तरफ पशु चिकित्सालय भी है और वहां तक पशुओं को ले जाना बहुत ही मुश्किल हो रहा है क्योंकि फोरलेन पर वाहन काफी तेज गति के साथ और भारी संख्या में गुजरते हैं। इन्होंने डीसी मंडी को बताया कि कई बार ग्रामीणों ने इस मांग को शासन, प्रशासन और एनएचएआई के समक्ष उठाया लेकिन आज दिन तक कोई समाधान नहीं निकला। इन्होंने ज्ञापन के साथ ही यह चेतावनी भी दी है कि अगर अगले 45 दिनों के भीतर अंडरपास नहीं बनाया गया तो फिर ग्रामीण धरने पर बैठने के लिए मजबूर हो जाएंगे।