धर्मिंदर सिंह | पठानकोट
पठानकोट में तेज रफ्तार और कथित तौर पर बेकाबू बस ने मोटरसाइकिल और स्कूटी सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग इसकी चपेट में आ गए, जिनमें दो की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आक्रोश में बस को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। बस ने पहले सड़क पर जा रही मोटरसाइकिल और स्कूटी को टक्कर मारी और इसके बाद कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद लोगों ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध शुरू कर दिया।
हादसे से गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और बाद में उसमें आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और घटना से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।