Summer express, अंकुर कपूर , अंबाला। हरियाणा में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई गति मिली है। अंबाला में वर्तमान में 25 इलेक्ट्रिक बसें विभिन्न रूटों पर संचालित की जा रही हैं, जिनका बड़ी संख्या में यात्री लाभ उठा रहे हैं। इन बसों के संचालन से जहां प्रदूषण में कमी आ रही है, वहीं यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और वातानुकूलित सफर की सुविधा भी मिल रही है।
हरियाणा रोडवेज अंबाला के महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने बताया कि जिले में फिलहाल 25 ई-बसें संचालित हैं। ये बसें शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के जिलों तक भी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रतिदिन लगभग 1000 लीटर डीजल की बचत हो रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ईंधन खर्च में भी कमी आई है।
उन्होंने बताया कि सभी इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा बसें पूरी तरह वातानुकूलित हैं और आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे मार्गों पर भी बस सेवाएं शुरू की गई हैं, जहां लंबे समय से रोडवेज की नियमित सेवा उपलब्ध नहीं थी।
ई-बसों में सफर करने वाले यात्रियों ने बताया कि इन बसों में सफर आरामदायक होने के साथ सुरक्षित भी महसूस होता है। एसी सुविधा और सीसीटीवी निगरानी के कारण यात्रियों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने सरकार और परिवहन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हुआ है।
बस चालकों ने भी इलेक्ट्रिक बसों को पारंपरिक डीजल बसों की तुलना में अधिक सुविधाजनक बताया। उनका कहना है कि इन बसों को चलाने में थकान कम होती है और प्रदूषण भी नहीं फैलता, जिससे कार्य करना अधिक सहज हो गया है।
महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने बताया कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अंबाला में हाई-कैपेसिटी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इससे इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने में भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज पर्यावरण संरक्षण और बेहतर यात्री सुविधाओं के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक बसों के नेटवर्क का लगातार विस्तार कर रहा है।