Summer express/हमीरपुर,अरविंद -: शानुआ दी थाती से भेरड़ा तक निर्मित 4 किलोमीटर सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सड़क निर्माण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत भेरड़ा के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क की जर्जर स्थिति से उन्हें अवगत कराया। राणा ने कहा कि करीब 4.11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह सड़क निर्माण के एक वर्ष के भीतर ही कई स्थानों से उखड़ चुकी है, जो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उनके अनुसार, इतने बड़े बजट में बेहतर गुणवत्ता की सड़क तैयार होनी चाहिए थी।उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत के बिना इस प्रकार की लापरवाही संभव नहीं है। उनका कहना है कि सड़क पर पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था और सुरक्षा के लिए आवश्यक पैरापिट भी नहीं बनाए गए हैं, जबकि कई हिस्सों को अधूरा छोड़ दिया गया है।राजेंद्र राणा ने बताया कि इस सड़क को पक्का करने का प्रस्ताव उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान प्राथमिकता में शामिल किया था। वर्ष 2023 में परियोजना को स्वीकृति मिली और 2024-25 में निर्माण कार्य पूरा हुआ, लेकिन सड़क की वर्तमान स्थिति निर्माण की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाती है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और सड़क का दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं कराया गया, तो ग्राम पंचायत भेरड़ा के ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा।राणा ने मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के मंत्री से आग्रह किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की जाए तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।