Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने चिट्टा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर के एक कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 12.5 ग्राम चिट्टा, एक अवैध पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 27 जुलाई को आरटीओ बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान दिल्ली से लेह जा रही एचआरटीसी बस की तलाशी ली गई थी। इस दौरान तीन यात्रियों के कब्जे से 27.60 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी सुनील और अनिल राठी तथा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू निवासी नीरत सिंह के रूप में हुई। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने मामले की सप्लाई चेन की पड़ताल की, जिसमें पता चला कि बरामद चिट्टा अमृतसर निवासी विजय कुमार से खरीदा गया था। इसके बाद बिलासपुर पुलिस की टीम ने अमृतसर में दबिश देकर 29 जुलाई को विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 12.5 ग्राम चिट्टा, एक अवैध पिस्तौल और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने बरामद हथियार और मादक पदार्थ के संबंध में नियमानुसार अलग से कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि विजय कुमार के खिलाफ हिमाचल प्रदेश और पंजाब में चिट्टा तस्करी से जुड़े पांच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
एसपी अभिषेक धीमान ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को खत्म करना है। उन्होंने बताया कि पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।