Summer express/धर्मशाला,राहुल-: शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को मिनी सचिवालय धर्मशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और मानसून के दौरान चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बोह क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के बाद प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और राहत कार्यों की प्रगति पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जिन 14 परिवारों के पास स्थायी आवास बनाने के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, उन्हें सरकारी भूमि आवंटित की जाएगी। इसके लिए राजस्व विभाग को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवार जल्द अपने नए घरों का निर्माण शुरू कर सकें।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के विशेष राहत पैकेज के तहत पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 7.50 लाख रुपये तथा घरेलू सामान के नुकसान के लिए 1 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त फसल, पशुधन, दुकानों और अन्य संपत्ति के नुकसान के लिए भी अलग से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। अब तक 25 प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपये तथा 16 परिवारों को 10-10 हजार रुपये की अंतरिम राहत राशि वितरित की जा चुकी है।
उप मुख्य सचेतक ने बोह आपदा के दौरान ग्रामीणों को समय रहते सतर्क कर कई लोगों की जान बचाने वाली राणो देवी के साहस और सूझबूझ की सराहना करते हुए उन्हें प्रदेश स्तरीय सम्मान के लिए अनुशंसित करने की घोषणा की। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्थानीय स्वयंसेवकों, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित करने की बात कही।बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल शक्ति, लोक निर्माण, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों द्वारा संयुक्त रूप से किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पुनर्वास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, लंबित विकास परियोजनाओं में तेजी लाई जाए, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा पर्यटन एवं आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।