10 July, 2025
दिलजीत दोसांझ के ‘नो एंट्री 2’ से बाहर होने की अटकलों के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। पंजाबी सिंगर और एक्टर अब भी 2005 की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म ‘नो एंट्री’ के बहुप्रतीक्षित सीक्वल का हिस्सा बने हुए हैं। बुधवार को दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर एक मज़ेदार व्लॉग शेयर किया, जिसमें वह निर्देशक अनीस बज्मी और निर्माता बोनी कपूर के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में दिलजीत मज़ाकिया अंदाज़ में कहते हैं, “बज़्मी साहब कहानी सुन रहे हैं… मेरे पसंदीदा निर्देशक हैं… इधर बोनी कपूर जी कहते हैं इश्क दी गली विच नो एंट्री।” इस मज़ाकिया अंदाज़ ने साफ कर दिया कि दिलजीत फिल्म में अब भी जुड़े हुए हैं।
‘नो एंट्री 2’ में दिलजीत के साथ वरुण धवन और अर्जुन कपूर भी नज़र आएंगे। अनीस बज्मी द्वारा निर्देशित पहली फिल्म 2005 में जबरदस्त हिट रही थी, जिसमें सलमान खान, अनिल कपूर, फरदीन खान, बिपाशा बसु, लारा दत्ता और ईशा देओल जैसे सितारे थे। सीक्वल में एक नई स्टारकास्ट के साथ फिर से हँसी का तड़का लगने वाला है।
दिलजीत के व्लॉग में उनकी आगामी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की झलक भी देखने को मिली। इसमें वे वरुण धवन और अहान शेट्टी के साथ सेट पर मस्ती करते नजर आए। मोना सिंह भी वीडियो में दिलजीत की तारीफ़ करती दिखीं और उनके साथ काम करने को लेकर खुशी जाहिर की।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल भी लीड रोल में होंगे। यह फिल्म 1997 की ब्लॉकबस्टर ‘बॉर्डर’ की विरासत को आगे बढ़ाएगी और भारतीय सैनिकों की बहादुरी को सलाम करेगी। फिल्म को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता प्रोड्यूस कर रहे हैं। ‘बॉर्डर 2’ को 23 जनवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा।