Summer express/शिमला, संजू-: हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 10 और 11 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए 10 अगस्त के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 11 अगस्त को चंबा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। हालांकि 8 और 9 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आने की संभावना है, लेकिन 10 अगस्त से एक बार फिर बारिश का जोर बढ़ सकता है। 9 अगस्त तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई है। कांगड़ा और मंडी में सबसे अधिक करीब 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा सोलन में लगभग 6 सेंटीमीटर और शिमला में करीब 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में भारी बारिश के कारण नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने फ्लैश फ्लड, भूस्खलन, मडस्लाइड और पहाड़ी क्षेत्रों में मलबा गिरने की घटनाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें बाधित हो सकती हैं और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। कृषि और बागवानी गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ सकता है।मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और अन्य जल स्रोतों के नजदीक न जाने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।12 अगस्त के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने का अनुमान है। हालांकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश का सिलसिला इसके बाद भी जारी रह सकता है। मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और मौसम में बदलाव के अनुसार आगे नई चेतावनियां जारी की जा सकती हैं।
वहीं, इस मानसून सीजन की अब तक की स्थिति सामान्य से थोड़ी कमजोर रही है। 1 जून से 6 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश में सामान्य बारिश 425 मिलीमीटर के मुकाबले करीब 400 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। यानी प्रदेश में इस अवधि के दौरान सामान्य से लगभग 6 फीसदी कम बारिश हुई है।जिलावार आंकड़ों की बात करें तो किन्नौर, कुल्लू और शिमला में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। दूसरी ओर हमीरपुर और लाहौल-स्पीति में बारिश सामान्य से कम रही है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मानसून की गतिविधियों पर नजर रखने और मौसम संबंधी चेतावनियों के अनुसार सावधानी बरतने की अपील की है।