लुधियाना | शहर के साहनेवाल डिवीजन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक लाइनमैन की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह क्षेत्र में बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य कर रहा था।
मृतक की पहचान संजय शाह (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बरोटा रोड जेल मॉल का रहने वाला था और पंजाब पावर कॉरपोरेशन के अंतर्गत लाइनमैन के पद पर तैनात था। हादसे के बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात इलाके में बिजली गुल होने की सूचना पर संजय शाह मौके पर पहुंचा था। लाइन की मरम्मत करते समय अचानक उसे तेज़ झटका लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक के साथी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि इतने गंभीर हादसे के बावजूद विभाग के कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे नाराज कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मांग की है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवज़ा दिया जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जाए। वहीं, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उच्च अधिकारी पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।