Summer express, पटियाला | पटियाला के सनौर में गाड़ी पीछे करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खालसा कॉलोनी के बाहर देर शाम दो युवकों ने कथित तौर पर लाठियों से हमला कर 25 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। हमले में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खालसा मोहल्ले में एक कार वॉश की दुकान के बाहर गाड़ी पीछे करने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बब्बी और पप्पन नाम के दो युवकों ने गुस्से में आकर जशन विर्क और उसके साथी पर लाठियों से हमला कर दिया।
हमले में जशन विर्क गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसे बचाने पहुंचे बलदेव सिंह भी हमले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सनौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वारदात की पूरी तस्वीर सामने आ सके और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
बताया जा रहा है कि इसी इलाके में एक दिन पहले भी दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के चलते स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।