मोहाली | सागर पाहवा
समर न्यूज
वार्ड नंबर 8 के पार्षद गुरमुख सिंह सोहल ने कहा कि वार्ड के लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है।
इसी दिशा में क्षेत्र में सीवरेज, जल निकासी, पार्कों के विकास और सुरक्षा से जुड़े कई कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड में लंबे समय से पानी की निकासी और सीवरेज से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए विशेष रूप से सफाई का काम करवाया गया है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।
पार्कों का होगा विकास, लगेंगी नई लाइटें
गुरमुख सिंह सोहल ने बताया कि वार्ड के पार्कों के विकास की योजना पर भी काम किया जा रहा है। जिन पार्कों के विकास का एस्टिमेट तैयार होकर पास हो चुका है, वहां जल्द ही विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड में आने वाले सभी पार्कों को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही पार्कों में नई लाइटें लगवाने की भी योजना है। डीप्लास चौक के पास स्थित पार्क सहित वार्ड के अन्य पार्कों में रोशनी की उचित व्यवस्था की जाएगी। इससे लोगों को शाम के समय पार्कों में आने-जाने में सुविधा होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
एमपी फंड से मिले 10 लाख, तीन जगह लगेंगे हाईटेक कैमरे
वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गुरमुख सिंह सोहल ने सांसद से 10 लाख रुपए का फंड रिलीज करवाया है। उन्होंने बताया कि इस राशि से फेज-4 क्षेत्र के तीन प्रमुख स्थानों पर हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कैमरे लगाने संबंधी प्रस्ताव की मीटिंग में मंजूरी मिलने के बाद तीनों स्थानों पर हाईटेक कैमरे स्थापित कर दिए जाएंगे। कैमरे लगने के बाद इन प्रमुख स्थानों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अन्य घटना की स्थिति में जांच में भी सहायता मिलेगी। गुरमुख सिंह सोहल ने कहा कि वार्ड नंबर 8 के विकास के लिए सभी जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। उनका प्रयास है कि लोगों को साफ-सुथरा वातावरण, बेहतर सीवरेज व जल निकासी व्यवस्था, विकसित पार्क और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था मिल सके। उन्होंने कहा कि वार्ड की अन्य समस्याओं को भी संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनका जल्द समाधान करवाने के प्रयास जारी रहेंगे।
तीन से चार फीट वाली पाइपों
की करवाई डीसिल्टिंग
गुरमुख सिंह सोहल ने बताया कि वार्ड के विभिन्न हिस्सों में 3 से 4 फुट वाली बड़ी पाइपों की डीसिल्टिंग यानी अंदर से पूरी तरह सफाई करवाई गई है। इन पाइपों में मिट्टी, गाद और अन्य कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित होती थी। सफाई करवाए जाने के बाद पानी की निकासी पहले के मुकाबले बेहतर हुई है।
उन्होंने बताया कि फेज-4 क्षेत्र में आने वाली सीवरेज की विभिन्न लाइनों की भी सफाई करवाई गई है। उनका कहना है कि सीवरेज लाइनों की नियमित सफाई बेहद जरूरी है, क्योंकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था पर सबसे अधिक दबाव पड़ता है। सफाई होने से सीवरेज ओवरफ्लो और पानी जमा होने जैसी समस्याओं में भी कमी आई है।
टेबल टॉप बनने से जलभराव की समस्या में राहत
पार्षद ने बताया कि फेज-4 और फेज-5 में बरसात के दौरान पानी जमा होने की समस्या काफी गंभीर थी। इस समस्या को देखते हुए डीप्लास चौक के पास टेबल टॉप का निर्माण करवाया गया। इसके बाद बारिश के पानी की निकासी में सुधार हुआ है और जलभराव की समस्या काफी हद तक कम हुई है। उन्होंने कहा कि इस कार्य से आसपास रहने वाले लोगों को विशेष राहत मिली है। बरसात के समय सड़क पर पानी जमा होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती थी, लेकिन अब स्थिति में सुधार आया है। स्थानीय लोगों ने भी इस काम पर संतुष्टि जाहिर की है।