सागर पाहवा | बलोंगी
समर न्यूज
बलौंगी में इन दिनों कई समस्याएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। दशमेश मार्केट में दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखने और लोगों द्वारा रेहड़ी-फड़ी लगाने से रास्ते पर अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। इसके चलते बाजार में आवाजाही प्रभावित होती है और खासकर सुबह-शाम जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो किसी आपात स्थिति में यह बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है। इसके अलावा क्षेत्र में पानी की किल्लत, अवैध पीजी और नंगी बिजली की तारें भी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं।
पानी की किल्लत और नंगी तारें भी बनीं चिंता: बलौंगी के कई इलाकों में पानी की किल्लत भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। आदर्श नगर और गैस कॉलोनी सहित कई हिस्सों में लोग पर्याप्त पानी नहीं मिलने की शिकायत कर चुके हैं। वहीं क्षेत्र में जगह-जगह नंगी और उलझी हुई बिजली की तारें भी हादसे का खतरा बनी हुई हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान ऐसी तारों से खतरा और बढ़ जाता है।
बलोंगी में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे पीजी को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर पीजी चलाए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे पीजी और निर्माणों की जांच करवाई जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन बलोंगी की सभी समस्याओं को एक साथ लेकर संबंधित विभागों की संयुक्त टीम भेजे। अतिक्रमण हटाने के साथ पानी, बिजली, ट्रैफिक और अवैध पीजी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे के बाद प्रशासन को जागने की जरूरत न पड़े।