सहारनपुर | जिले के नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव डाल्लेवाला में 15 वर्षीय किशोर प्रिंस की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी अक्षय उर्फ प्रद्युम्न उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया।
इंस्टाग्राम चैट से भड़का था आरोपी, खेत में बुलाकर उतारा मौत के घाट
जानकारी के मुताबिक, मृतक किशोर प्रिंस का गांव की एक नाबालिग लड़की से इंस्टाग्राम और मोबाइल पर बातचीत चल रही थी, जो कि आरोपी अक्षय की बहन है। यह रिश्ता आरोपी को नागवार गुजरा। उसने कई बार प्रिंस को चेताया लेकिन जब कोई असर नहीं हुआ तो आरोपी ने खौफनाक साजिश रची।
7 जुलाई की शाम को अक्षय ने बहाने से प्रिंस को खेत में बुलाया, जहां दोनों में कहासुनी हुई। प्रिंस ने फोन खेत में फेंक दिया, जिससे तिलमिलाए अक्षय ने चाकू से प्रिंस की गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने चाकू एक ट्यूबवेल के पास बालू में छुपाया और भाग निकला।
खेत में मिला शव, पोस्टमार्टम और कॉल रिकॉर्ड से पुलिस को मिला सुराग
8 जुलाई को गांव के पास खेत में एक शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मृतक की पहचान प्रिंस के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला रेतने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने जब कॉल डिटेल खंगाली तो अक्षय का नाम सामने आया।
9 जुलाई की रात पुलिस ने अक्षय को सहसपुर के पास निर्माणाधीन पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसे अपनी बहन की बदनामी का डर था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
रिश्तेदारी भी बनी दुश्मनी की वजह
पुलिस के अनुसार, मृतक प्रिंस और आरोपी अक्षय एक-दूसरे को जानते थे। दोनों परिवारों के बीच भी अच्छे संबंध थे। लेकिन बहन से नजदीकी बढ़ने पर अक्षय ने नाराजगी में यह भयावह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस ने पूरी जांच पूरी कर आरोपी को जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।