Summer express/धर्मशाला,राहुल-:प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए अब ‘खेलो हिमाचल’ शुरू किया जाएगा। यह आयोजन केंद्र सरकार के ‘खेलो इंडिया’ अभियान की तर्ज पर प्रदेशभर में आयोजित होगा। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र सिंह गोमा ने वीरवार को धर्मशाला में पत्रकारवार्ता के दौरान इसकी जानकारी दी।मंत्री ने बताया कि अक्तूबर से नवंबर तक ब्लॉक स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं में वॉलीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन समेत करीब 8 से 10 खेलों को शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न स्तरों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।गोमा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार करना और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। ‘खेलो हिमाचल’ के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए मंच मिलेगा।
धर्मशाला विधायक से मांगी माफी की मांग
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को लेकर धर्मशाला के स्थानीय विधायक की टिप्पणी पर भी गोमा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा में कई गुटों के बीच अनाप-शनाप बयानबाजी कर सुर्खियां हासिल करने की होड़ लगी हुई है। भाजपा नेता हाईकमान के समक्ष अपना राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी के लिए धर्मशाला के विधायक को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। गोमा ने कहा कि स्थानीय विधायक को आपसी राजनीतिक लड़ाई के बजाय क्षेत्र के विकास के मुद्दों को उठाना चाहिए।मंत्री ने भाजपा नेताओं पर जंतर-मंतर में हुए लाठीचार्ज और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चुप्पी साधने का आरोप भी लगाया। पत्रकारवार्ता में कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद रहे।