पार्टी नेताओं के साथ एकजुटता का संदेश देने
की कवायद, ‘यूनिटी बस यात्रा’ की भी योजना
समर न्यूज। चंडीगढ़
पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान को खत्म करने की कोशिशों के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अगस्त के आखिर में अमृतसर का दौरा कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उनके दौरे का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। राहुल के स्वर्ण मंदिर सहित शहर के अन्य धार्मिक स्थलों पर जाने की संभावना है। उनके दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस के नेता ‘एकता बस यात्रा’ निकालने की तैयारी भी कर रहे हैं।
राहुल का यह दौरा ऐसे समय प्रस्तावित है, जब पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद सामने आते रहे हैं। कांग्रेस आलाकमान ने वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने का फैसला किया था, जिसके बाद असंतुष्ट नेताओं के एक धड़े ने खुलकर नाराजगी जताई। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा समेत कई वरिष्ठ नेता संगठन और नेतृत्व से जुड़े मुद्दे केंद्रीय नेतृत्व के सामने उठा चुके हैं।
नेताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिश
पंजाब कांग्रेस की मौजूदा कलह अचानक पैदा नहीं हुई है। पिछले कई
वर्षों में पार्टी में नेतृत्व को लेकर अलग-अलग गुटों के बीच खींचतान रही है। कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रताप सिंह बाजवा के बीच मतभेद से लेकर
नवजोत सिंह सिद्धू और अमरिंदर सिंह के टकराव तथा बाद में चरणजीत सिंह चन्नी, वड़िंग और अन्य नेताओं के बीच मतभेदों ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ाई हैं। हाल के विवाद में चन्नी समर्थक नेताओं की बैठकों और प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की मांग ने मामला और गरमा दिया था। मई में दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक के दौरान बाजवा के बीच में बैठक से निकलने की खबर भी सामने आई थी। बाद में असंतुष्ट नेताओं ने चन्नी के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। हालांकि, इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने वड़िंग और बाजवा दोनों को उनके पदों पर बनाए रखने का फैसला किया और अलग-अलग गुटों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की।