Summer express, अनिल मंगला,फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ जिले के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। उनके बलिदान को हमेशा याद रखते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए हर नागरिक को योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप हरियाणा को भी विकसित बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। जब देश का प्रत्येक राज्य विकास करेगा, तभी भारत पूर्ण रूप से विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गोयल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। महिलाओं के कल्याण के लिए भी सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये दिए जाने की बात कही।
मंत्री ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज के पर्व पर विपुल गोयल ने प्रदेश की माताओं और बहनों को शुभकामनाएं दीं। समारोह देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और विकसित हरियाणा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।