Summer express, शिमला, संजू। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया और उनके बलिदान को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष को स्मरण करने का दिन है, जिनके बलिदान के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आज भारत अमृतकाल में विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कविंदर गुप्ता ने प्रदेशवासियों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही देश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है।
राज्यपाल ने युवाओं को देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उनसे राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से विकास, तकनीक और नवाचार के क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश की प्रगति में योगदान देने की अपील की।
उन्होंने विश्वास जताया कि देशवासी एकजुट होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। अंत में राज्यपाल ने सभी नागरिकों के सुख, शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।