समर न्यूज | पंचकूला
सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली में ग्रेट नवभारत मिशन फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण और समर्पण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कई जानी-मानी हस्तियां, शिक्षाविद, छात्र और यूनिवर्सिटी परिवार के लोग एक साथ आए और सबने मिलकर देशभक्ति, एकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने संकल्प को साझा किया।
समारोह की गरिमा तीन प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति से और बढ़ गई। कुरुक्षेत्र से सांसद तथा फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिंदल ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई। वहीं, इंडिया ऑस्ट्रेलिया स्ट्रैटेजिक अलायंस के अध्यक्ष डॉ. जगविंदर सिंह विर्क तथा शुभम अग्रवाल, आईपीएस, एसएसपी, फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। मुख्य अतिथि, कुरुक्षेत्र से सांसद एवं फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिंदल ने प्रत्येक भारतीय को गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार दिलाने के अपने प्रेरणादायी संघर्ष की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 1992 में भारत लौटने के बाद उन्होंने गर्व के साथ तिरंगा फहराना शुरू किया, लेकिन उस समय उन्हें कई प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा। जिंदल ने जेन जी और युवा नेतृत्व से कड़ी मेहनत करने, सहयोग की भावना को अपनाने तथा ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली के संस्थापक व चांसलर एस. रशपाल सिंह धालीवाल ने कहा कि देशभक्ति सिर्फ कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हमें अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारी आजादी का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमारे पूर्वजों के बलिदान, वर्तमान पीढ़ी की आकांक्षाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत भारत के वादे को दर्शाता है।
सीजीसी यूनिवर्सिटी, मोहाली के एमडी अर्श धालीवाल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण का असली मतलब हमारे युवाओं को बड़े सपने देखने, जिम्मेदारी से काम करने के लिए सक्षम बनाना है।