Summer express, जालंधर। नगर निगम की संयुक्त यूनियनों ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। सोमवार को यूनियन प्रतिनिधियों ने नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर सुमनदीप कौर से मुलाकात कर मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि 19 अगस्त तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 20 अगस्त से सभी संबंधित यूनियनें अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगी। इससे नगर निगम की सफाई और अन्य आवश्यक सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन बार-बार आग्रह के बावजूद उनका समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने 1196 कर्मचारियों की नियमित भर्ती की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों की हाजिरी के रजिस्टर सैनिटरी इंस्पेक्टरों से जांच करवाने और सरकारी मशीनरी का संचालन ठेकेदारों के बजाय निगम के कर्मचारियों से करवाने की मांग भी उठाई गई।
कर्मचारियों ने कमिश्नर की ओर से जारी नए बिल क्लर्कों के आदेश लागू करने, सभी दर्जा-चार कर्मचारियों का वेतन ऑनलाइन करने और उनके एनपीएस खाते खुलवाने की मांग की। यूनियनों ने सरकार के निर्देशों के अनुसार सीडीसी चार्ज समाप्त करने तथा पिछले छह महीने से लंबित पीएफ की राशि कर्मचारियों के खातों में जमा करवाने की मांग भी रखी। इसके साथ ही कर्मचारियों की बैंक लोन की किस्तें समय पर जमा करवाने की मांग की गई।
यूनियन प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य शाखा में कार्यरत जेसीबी चालकों के वेतन में बढ़ोतरी की मांग की। वर्कशॉप में ड्राइवरों की सहायता के लिए नए हेल्परों की भर्ती, स्वास्थ्य शाखा में तैनात डिप्लॉयड ड्राइवरों को पदोन्नति देकर नियमित ड्राइवर बनाने तथा आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे फिटर और कुलियों के वेतन में वृद्धि की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
यूनियन नेताओं ने नगर निगम प्रशासन से अपील की कि 19 अगस्त तक सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता न अपनाना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 20 अगस्त से शुरू होने वाली हड़ताल की जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।