Summer express, अमृतसर । अमृतसर के चाटीविंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव चीते कलां में अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर एक युवक की हत्या कर दी। युवक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर लौट रहा था, तभी उस पर गोलियां चला दी गईं। इस हमले में उसके साथ मौजूद दोस्त रणजीत सिंह भी गोली लगने से घायल हो गया।
मृतक की पहचान तीरथ सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव के सरपंच का बेटा था, जो आम आदमी पार्टी से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
गुरुद्वारे के बाहर की गई फायरिंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीरथ सिंह अपने दोस्त रणजीत सिंह के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गया था। दोनों जब गुरुद्वारे से बाहर निकले, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग में तीरथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल रणजीत सिंह का इलाज कराया जा रहा है।
चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर चाटीविंड थाने में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। फायरिंग के पीछे की वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।