Summer express ,बरनाला । बरनाला के जिला प्रशासनिक परिसर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म की शिकायत करने वाली तीन महिलाएं न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गईं। घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। महिलाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए आरोप लगाया कि पिछले करीब तीन महीने से वे कार्रवाई के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला।
तीनों महिलाएं अलग-अलग गांवों की रहने वाली बताई जा रही हैं। उनका आरोप है कि उन्होंने अपने साथ दुष्कर्म करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं का कहना है कि उनकी शिकायतों से संबंधित फाइलें पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लंबित हैं। कार्रवाई में देरी से परेशान होकर उन्होंने पानी की टंकी पर चढ़ने का फैसला किया।
महिलाओं ने स्पष्ट किया कि आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर एफआईआर की प्रति उन्हें मौके पर उपलब्ध कराई जाए, तभी वे टंकी से नीचे उतरेंगी। उन्होंने मीडिया कर्मियों को फोन कर अपनी समस्या बताई और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस उपाधीक्षक तजिंदर पाल सिंह ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया और उन्हें सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं। उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि उन्हें जबरन नीचे उतारने का प्रयास किया गया तो वे टंकी से छलांग लगा देंगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी।
महिलाओं ने एक महिला पुलिस अधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि आरोपित पक्ष से कथित तौर पर रिश्वत लेकर मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि, संबंधित महिला पुलिस अधिकारी ने इन आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि मामले की जांच पूरी कर फाइल डीए लीगल को भेजी जा चुकी है। वहां से आवश्यक दिशा-निर्देश मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एसपी-डी संजीव गोयल ने बताया कि उन्होंने बुधवार को ही पदभार संभाला है। उन्होंने महिलाओं को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए टंकी से सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायतों और उनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले में तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।