Summer express/हमीरपुर ,अरविंद-:हमीरपुर जिले के बड़सर क्षेत्र में मंगलवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने बुधवार को जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया, जबकि कई लिंक रोड बंद हो गए। बड़सर की लोहडर पंचायत के चौहा गांव में बारिश का पानी कई घरों के अंदर घुस गया। पानी का बहाव इतना तेज रहा कि कई वाहन भी जलभराव में डूब गए। क्षेत्र में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।भारी बारिश के कारण कई कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। कुछ मकान गिरने की कगार पर हैं, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने सुरक्षित स्थान पर जाने की चुनौती खड़ी हो गई है। इसके अलावा कई स्थानों पर भूस्खलन होने से सड़क संपर्क और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला प्रशासन से खड्डों के किनारे स्थित स्कूलों में तत्काल छुट्टी घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बारिश के बीच बच्चों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया है।विधायक ने बताया कि मंगलवार रात से ही प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लगातार फोन आ रहे हैं। कई स्थानों से घरों में पानी घुसने, कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने और सड़कों के बंद होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि वह प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने यह भी कहा कि जहां लोगों की जान को खतरा है, वहां उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। बंद हुए लिंक रोड को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। धगोटा क्षेत्र में बारिश का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन और विभागीय टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।