दीपक कुमार | माछीवाड़ा साहिब
समर न्यूज
इलाके में चोरी और झपटमारी की बढ़ती घटनाओं के बीच चोरों ने बीती रात गांव सहबाजपुर में एक घर को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली। वारदात रात करीब 1:30 बजे हुई। घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
घर की मालकिन इंदरजीत कौर ने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ एक कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान चोर जालीदार दरवाजे को धक्का देकर घर में दाखिल हुए और स्टोर में रखी अलमारी के दरवाजे व लॉकर तोड़कर करीब 7 से 8 तोले सोने के गहने और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
इसके बाद चोर उस कमरे का दरवाजा तोड़ने लगे, जिसमें परिवार सो रहा था। आवाज सुनकर इंदरजीत कौर ने अपनी बेटी से रिवॉल्वर लाने को कहा और चोरों को दरवाजा खोलने की बात कही। उनकी आवाज सुनकर चोर मौके से फरार हो गए। बाद में परिवार ने देखा कि स्टोर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे।
इंदरजीत कौर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डीएसपी समराला प्रितपाल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। क्षेत्र में पहले भी चोरी व झपटमारी की घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने रात की गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।