लक्की मेहता | लुधियाना
समर न्यूज
कार्यकारी मेयर राकेश पराशर ने शुक्रवार को शहर में चल रहे विकास एवं सड़क मरम्मत कार्यों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण जारी रखते हुए विश्वकर्मा चौक से जगराओं पुल तक सड़क के हिस्से का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे मरम्मत कार्य की प्रगति और सड़क की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मेयर पराशर ने संबंधित अधिकारियों से काम की प्रगति के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत का कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्य के दौरान गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा लोगों को कम से कम परेशानी हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यकारी मेयर राकेश पराशर ने कहा कि नगर निगम शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति दी जा रही है और उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इन कार्यों का सीधा लाभ आम लोगों को मिले। उन्होंने कहा कि जमीनी निरीक्षण से अधिकारियों को नागरिक समस्याओं को मौके पर समझने और उनके समाधान के लिए समय पर कार्रवाई करने में मदद मिलती है। सड़क मरम्मत सहित अन्य नागरिक कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। मेयर पराशर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कार्यकारी मेयर पराशर ने शेरपुर चौक, वेरका अंडरपास सहित शहर के विभिन्न इलाकों में चल रहे सड़क मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया था। उनका कहना है कि शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए
फील्ड स्तर पर निगरानी लगातार जारी रहेगी।