समर न्यूज | श्रीनगर
भगवान शिव की पवित्र छड़ी मुबारक शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद श्रीनगर से पहलगाम पहुंची। भगवान शिव की पवित्र और केसरिया वस्त्रों से सजी पवित्र छड़ी मुबारक शनिवार को श्रीनगर से पहलगाम के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही वार्षिक अमरनाथ यात्रा से जुड़े मुख्य धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई है।
दशनामी अखाड़ा भवन से छड़ी मुबारक को पहलगाम के लिए रवाना किया गया। रवाना होने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महंत दीपेंद्र गिरि ने साधुओं के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद पवित्र छड़ी को दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा ले जाने की यात्रा शुरू हुई।
छड़ी मुबारक को 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के शुभ अवसर पर अमरनाथ गुफा ले जाकर पूजा और दर्शन कराए जाएंगे। 24 अगस्त को चंदनवाड़ी, 25 अगस्त को शेषनाग और 26 व 27 अगस्त को पंचतरणी में पड़ाव होगा। 28 अगस्त को पवित्र गुफा में मुख्य पूजन और दर्शन होंगे।
इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी। हालांकि, 9 अगस्त को ट्रैक को हुए नुकसान और खराब मौसम के कारण यात्रा को इस वर्ष के लिए स्थगित कर दिया गया था। इसके बावजूद अमरनाथ यात्रा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं।
इस साल अब तक 4.80 लाख से अधिक श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं। यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा।
महंत दीपेंद्र गिरि गिरि ने बताया कि छड़ी मुबारक को पारंपरिक प्रार्थनाओं और वैदिक मंत्रों के बीच पवित्र गुफा में स्थापित किया जाएगा, जिसके बाद यह रात के लिए पंचतरणी लौट आएगी। उन्होंने आगे बताया कि जुलूस 29 अगस्त को पंचतरणी से रवाना होगा और शेषनाग और चंदनवारी होते हुए पहलगाम जाएगा।