Summer express/चंबा, मंजूर पठान-:विकास खंड तीसा में सरकारी कामकाज में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। खंड विकास अधिकारी तीसा गोपाल ठाकुर ने विभिन्न पंचायतों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई पंचायत घरों में ताले लटके मिले, जबकि संबंधित कर्मचारी अपने कार्यस्थल से नदारद पाए गए। इस कार्रवाई के बाद संबंधित कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
खंड विकास अधिकारी तीसा गोपाल ठाकुर के औचक निरीक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर सरकारी व्यवस्था की स्थिति सामने आई।कई पंचायत घर निर्धारित समय पर बंद पाए गए और वहां संबंधित कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं थी।पंचायत कार्यालय ग्रामीणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, जहां उन्हें प्रमाण पत्र, विकास योजनाओं, मनरेगा, विभिन्न सरकारी योजनाओं और अन्य जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी एवं सुविधाएं मिलती हैं। ऐसे में कर्मचारियों का ड्यूटी से गैरहाजिर रहना सीधे तौर पर आम लोगों को परेशानी में डाल सकता है.निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ गोपाल ठाकुर ने अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। संबंधित कर्मचारियों से निर्धारित समय के भीतर अपनी गैरहाजिरी को लेकर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।बीडीओ ने यह भी साफ किया कि पंचायतों में सरकारी कार्यों की गुणवत्ता और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन के इस कदम से जहां लापरवाह कर्मचारियों में हड़कंप है, वहीं ग्रामीणों ने कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होने से आम जनता को अपने जरूरी कामों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ भी समय पर मिल सकेगा।