Summer express/शिमला, संजू-:ठियोग से कांग्रेस विधायक और AICC प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने वंदे मातरम् को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर राजनीति करने और देश के महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। शिमला में आयोजित प्रेसवार्ता में राठौर ने कहा कि वंदे मातरम् को लेकर पहले कभी कोई बड़ा विवाद नहीं रहा, लेकिन अब जानबूझकर इस राष्ट्रीय गीत को राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है।राठौर ने कहा कि राष्ट्रीय गीत के रूप में वंदे मातरम् के पहले दो पद स्वीकार किए गए थे और लंबे समय से इसे लेकर कोई विवाद नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी देश में धर्म और जाति के आधार पर लोगों को बांटकर राजनीतिक ध्रुवीकरण की कोशिश कर रही है। उन्होंने राम मंदिर के लिए चंदा जुटाने के मुद्दे का भी जिक्र करते हुए बीजेपी पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी बीजेपी विधायक दल जनहित से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय ऐसे विषयों को हवा दे रहा है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। चीनी समेत कई खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ने से त्योहारों के दौरान आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।राठौर ने E-20 पेट्रोल को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे लोगों को हो रही परेशानियों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग भी की।राठौर ने कहा कि जनता का ध्यान महंगाई, रोजगार और अन्य बुनियादी समस्याओं से हटाने के बजाय सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने बीजेपी से राजनीतिक विवाद खड़ा करने के बजाय जनहित के विषयों पर चर्चा करने की मांग की।