summer express, अमृतसर। पंजाब में मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं। सोमवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जबकि मंगलवार से ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक रह सकती हैं। फिलहाल राज्य में किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
रविवार को पंजाब के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। श्री आनंदपुर साहिब में सबसे अधिक 46.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा पठानकोट में 18, रूपनगर में 17.5, भाखड़ा बांध क्षेत्र में 14, मोहाली में 9, होशियारपुर में 2.5 और गुरदासपुर में 2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, चंडीगढ़ और जालंधर में बारिश नहीं हुई।
बठिंडा रहा सबसे गर्म
रविवार को बठिंडा पंजाब का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 34.1, पटियाला में 34.7, अमृतसर में 34.3 और लुधियाना में 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले करीब 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
सोमवार को इन जिलों में बारिश की संभावना
सोमवार को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश की संभावना सबसे ज्यादा है। इन जिलों के 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में वर्षा हो सकती है। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला समेत मध्य और पूर्वी पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं बठिंडा और फाजिल्का सहित पश्चिमी जिलों में छिटपुट वर्षा हो सकती है।
मंगलवार से अधिकांश हिस्सों में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अगस्त से मानसून की गतिविधियां और कमजोर हो जाएंगी। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पंजाब के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
26 अगस्त को भी उत्तर और पूर्वी जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। 27 अगस्त को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में छिटपुट बारिश हो सकती है। इसके बाद राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।